पोरसा। नगर पालिका पोरसा द्वारा बुधवार शाम सब्जी मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान विवाद खड़ा हो गया। कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) अवधेश सिंह सेंगर अपनी टीम के साथ सब्जी मंडी के पीछे संचालित मीट एवं मछली की दुकानों पर पहुंचे, जहां अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई।
इसी दौरान मीट मंडी में व्यवसाय कर रहे दलित समाज से संबंध रखने वाले एक दुकानदार ने सीएमओ पर कथित अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। दुकानदार का कहना है कि जांच के समय जब उसने जब्त किए जा रहे सामान को वापस मांगा, तो सीएमओ ने उसकी कॉलर पकड़ ली और बाद में उसका ठेला भी जब्त कर लिया गया। दुकानदार के अनुसार वह लंबे समय से उक्त स्थान पर व्यवसाय कर रहा है और उसके साथ नियमों के विपरीत व्यवहार किया गया।
घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी कार्रवाई का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद नगर में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
नगर पालिका की ओर से बताया गया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही थी और अवैध रूप से संचालित दुकानों का सामान जब्त किया गया। वहीं, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तथ्यात्मक जांच की बात कही जा रही है। फिलहाल, मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों पर उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।