नीमच। नीमच में व्यापारी संघ के चुनाव को लेकर रविवार को मंडी परिसर पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया। सुबह से ही बड़ी संख्या में व्यापारी मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे, जिससे मंडी परिसर में जबरदस्त सरगर्मी और उत्साह का माहौल बन गया। हर चेहरे पर अपने प्रतिनिधि को चुनने का जोश और लोकतांत्रिक गर्व स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

व्यापारी संघ का यह चुनाव अब तक पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संचालित हो रहा है। मतदान केंद्रों पर अनुशासन और शांति बनी हुई है, वहीं व्यापारी उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

चुनावी माहौल के बीच मंडी परिसर में चाय-नाश्ते की चुस्कियों के साथ चुनावी चर्चाएं भी तेज रहीं। छोटे-छोटे समूहों में व्यापारी चुनावी समीकरणों पर चर्चा करते और माहौल का आनंद लेते नजर आए। वहीं मतदान केंद्रों के बाहर अध्यक्ष पद एवं कार्यकारिणी के प्रत्याशी मतदाताओं से आत्मीय मुलाकात कर समर्थन की अपील करते हुए दिखाई दिए।

कुल मिलाकर नीमच में व्यापारी संघ का यह चुनाव लोकतंत्र के जीवंत उत्सव के रूप में सामने आ रहा है।
