देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने बुधवार देर शाम जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी, मेटरनिटी वार्ड, एसएनसीयू, पार्किंग स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मेटरनिटी वार्ड में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने मरीजों से उपचार, सुविधाओं एवं समस्याओं के संबंध में चर्चा की। पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद ड्यूटी चार्ट नहीं लगाए जाने पर मैट्रन को नोटिस देने के निर्देश दिए गए तथा तत्काल ड्यूटी चार्ट लगाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एंबुलेंस संचालन में आ रही समस्याओं के निराकरण एवं बेहतर एंबुलेंस सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसएनसीयू वार्ड के निरीक्षण के दौरान खराब वेंटिलेटर को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर सिंह ने जिला अस्पताल में साफ-सफाई की समुचित निगरानी नहीं होने पर आरएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने पुराने टीबी वार्ड एवं अन्य क्षतिग्रस्त भवनों का पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर उन्हें डिस्मेंटल करने की कार्यवाही के निर्देश दिए। नर्सिंग हॉस्टल में भोजन व्यवस्था के लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एंबुलेंस को पार्किंग स्थल के बजाय अस्पताल के सामने खड़ा किया जाए। साथ ही निजी एवं शासकीय एंबुलेंस पर वाहन चालक का नाम एवं मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर अंशु जावला, तहसीलदार सपना शर्मा, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।