नीमच। सीतामऊ तहसील के ग्राम बसोई निवासी ललिता कुंवर ने कलेक्टर नीमच को शिकायत देकर उनकी पैतृक भूमि को बिना जानकारी एवं सहमति के बेचकर रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया है।
आवेदन के अनुसार मनासा तहसील के ग्राम महागढ़ स्थित पैतृक भूमि में ललिता कुंवर का भी वैधानिक अधिकार है। उन्होंने बताया कि माता-पिता के निधन के बाद संपत्ति में उनका हिस्सा बनता है, लेकिन उनकी छोटी बहन बेबी कुंवर के पति मनोहर सिंह देवड़ा द्वारा कथित रूप से बिना जानकारी दिए भूमि का विक्रय कर किसी अन्य व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री करा दी गई।
प्रार्थी का कहना है कि भूमि विक्रय एवं रजिस्ट्री की प्रक्रिया की उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई और न ही उनकी सहमति ली गई। मामले की जानकारी मिलने पर उन्होंने कलेक्टर से शिकायत कर जांच की मांग की है।
ललिता कुंवर ने प्रशासन से पैतृक संपत्ति में उनका अधिकार सुनिश्चित करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।