भगवानपुरा। जमीन के मालिकाना हक की मांग को लेकर दगड़खेड़ी के किसानों का तहसील परिसर में चल रहा आंदोलन मंगलवार को 9वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के लगातार लंबा खिंचने के साथ ही अब इसे विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का समर्थन भी मिलने लगा है।
मंगलवार को आंदोलन के नौवें दिन किसानों ने सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रभावी और विशाल रैली निकाली। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर से तहसील कार्यालय तक निकाली गई इस रैली में करीब दो हजार लोग शामिल हुए। रैली में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं, युवतियों और बच्चों की बड़ी संख्या मौजूद रही। सभी ने हाथों में तख्तियां लेकर अपनी जमीन वापस दिलाने की मांग जोरदार तरीके से उठाई।
तहसील परिसर में पहुंचने के बाद आमसभा का आयोजन किया गया, जिसमें समाजजनों ने आदिवासी गीतों के माध्यम से एकजुटता और अपने हक-अधिकार के लिए आवाज बुलंद की। आंदोलन में सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी जमीन वापस मिलनी चाहिए और वे इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाएंगे। साथ ही उन्होंने आदिवासियों के साथ किसी भी तरह के भेदभाव को गलत बताया।
धरना-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। आंदोलन के शांतिपूर्ण संचालन के बीच किसानों का संघर्ष लगातार जारी है।