देवरी खवासा। शासकीय माध्यमिक विद्यालय देवरी खवासा में मंगलवार को नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार ‘स्कूल चले हम’ अभियान के द्वितीय चरण में प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रियंका देवड़ा ने बताया कि प्रवेश उत्सव के तहत विद्यालय परिवार द्वारा पालकों से संपर्क कर शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय में प्रवेश दिलाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर शिक्षक ईश्वरलाल प्रजापति ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय निरंतर प्रयासरत है। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के नैतिक, सामाजिक एवं बौद्धिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही शिक्षा के महत्व एवं विद्यालयीन गतिविधियों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को विशेष भोज कराया गया। प्रवेश उत्सव में विद्यालय स्टाफ, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।