नीमच। जिले के ग्राम बोरखेड़ी कला निवासी दिव्यांग किसान जगदीश शर्मा ने कलेक्टर नीमच को शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि उनकी पैतृक भूमि में हिस्सेदारी होने के बावजूद परिजनों द्वारा बिना उनकी सहमति और जानकारी के जमीन का विक्रय कर दिया गया है।
शिकायत में जगदीश शर्मा ने कहा है कि अब उन्हें अपने हिस्से की भूमि पर जाने से भी रोका जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने राजस्व अधिकारियों से मिलीभगत कर नामांतरण और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराई है।
प्रार्थी का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें धमकियां भी दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि वह और उनका पुत्र दोनों दिव्यांग हैं तथा खेती-किसानी ही परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है, ऐसे में यह विवाद उनके जीवन-यापन पर गंभीर असर डाल रहा है।
जगदीश शर्मा ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर उनके हिस्से की भूमि पर कब्जा दिलाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।