गरोठ। मंदसौर जिले के ग्राम बोलिया में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक घटना में सर्पदंश से चार वर्षीय बालिका की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार माया बागरी घर में सो रही थी, तभी उसे जहरीले सांप ने डस लिया।
परिजनों ने बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल गरोठ के इंदिरा गांधी शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने सांप को मौके पर ही मार दिया।
अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सक डॉ. दरबार किशन सिंह ने सर्पदंश से मौत की पुष्टि की है। पुलिस को सूचना दे दी गई है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
मासूम की असमय मौत से परिवार में शोक की लहर है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल व्याप्त है।