भगवानपुरा। क्रांति सूर्य टंटिया भील विश्वविद्यालय से बीए एवं बीएससी प्रथम वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ। जिसमें भगवानपुरा महाविद्यालय के विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा है। परीक्षा प्रभारी डॉ सेवक चौहान ने बताया कि इस महाविद्यालय के विद्यार्थी पीजी कॉलेज खरगोन जाकर परीक्षा देते हैं।
विद्यार्थियों का कला संकाय में हिंदी, इतिहास एवं भूगोल तथा विज्ञान संकाय में रसायन शास्त्र, प्राणी शास्त्र, वनस्पति शास्त्र, भौतिक शास्त्र, गणित एवं कंप्यूटर साइंस का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहने पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रकाश सोलंकी के द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का सम्मान करते हुए कहा कि महाविद्यालय नवीन है इसलिए संसाधन सीमित हो सकते है, चुनौतियां भी हो सकती है, लेकिन शिक्षा की गुणवत्ता से कभी हमने समझौता नहीं किया इसी के परिणामस्वरूप प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थीयों ने मिलकर लगातार परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट दिया है।
विद्यार्थियों एवं प्रोफेसरों ने भी अपने कार्यों से यह सिद्ध किया कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से किसी भी कठिनाई को पार किया जा सकता है। कला संकाय के टॉपर विद्यार्थी देवीसिंह सोलंकी ने कहा कि इस क्षेत्र का एकमात्र महाविद्यालय जिसमें 60-70 किलोमीटर दूरी तक के विद्यार्थी इस कॉलेज में पढ़ाई करने आते है, इस कॉलेज में पढ़ाई का बहुत अच्छा माहौल है लेकिन विषयवार प्रोफेसर नही होने से हमें बहुत अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञान संकाय की प्रथम श्रेणी उत्तीर्ण छात्रा महक सेन ने कहा कि महाविद्यालय प्रारंभ हुए तीसरा वर्ष हो गया है, लेकिन महाविद्यालय में क्रीड़ा अधिकारी, ग्रंथपाल, प्राणीशास्त्र, भौतिकशास्त्र, कंप्यूटर साइंस, राजनीति विज्ञान एवं समाजशास्त्र आदि विषयों के अतिथि विद्वान या प्रोफेसर तक नहीं है। हमें इन विषयों का मार्गदर्शन प्राचार्य सर व अन्य विषय के शिक्षको से मिलता है द्य अभिभावक संतोष सेन ने बताया कि मेरी बेटी महक ने बीएसीसी प्रथम वर्ष की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण की है लेकिन प्रोफ़ेसर्स की कमी को लेकर वह सदैव चिंतित रही है, इसलिए जिम्मेदारों को प्रोफ़ेसर की कमी को बहुत जल्द दूर किया जाना चाहिए। शिक्षको एवं विद्यार्थियों के सम्मान की जानकारी महाविद्यालय मिडिया प्रभारी डॉ दिनेश गाठे ने दी।