मन्दसौर। मन्दसौर की कृषि उपज मंडी में पिछले कुछ दिनों से चला आ रहा व्यापारी संघ और हम्माल-तुलावटियों के बीच का विवाद अब गंभीर संकट का रूप ले चुका है। स्थिति को देखते हुए मंडी समिति ने आगामी आदेश तक मंडी प्रांगण में फसलों की खरीद-बिक्री (नीलामी) को पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया है।
विवाद की पृष्ठभूमि-
मंडी समिति द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार यह विवाद 13 जनवरी 2026 को मंडी में कार्यरत लाइसेंसधारी व्यापारियों और हम्माल-तुलावटियों के बीच शुरू हुआ था। मंडी समिति एवं पुलिस प्रशासन द्वारा दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने के प्रयास किए गए, लेकिन आपसी सहमति नहीं बन पाने के कारण गतिरोध बना हुआ है।
किसानों के लिए जरूरी सूचना-
मंडी सचिव द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कानून-व्यवस्था एवं लोकहित को ध्यान में रखते हुए मंडी में नीलामी कार्य अगले आदेश तक स्थगित रहेगा। साथ ही सभी किसान भाइयों से अपील की गई है कि वे अपनी कृषि उपज लेकर मंडी प्रांगण में न आएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा या नुकसान न हो।
प्रशासन का रुख-
मंडी समिति ने स्पष्ट किया है कि जब तक व्यापारी संघ और हम्माल संघ के बीच आपसी सहमति नहीं बनती, तब तक मंडी संचालन संभव नहीं है। इस संबंध में जारी आदेश की प्रतियां पुलिस प्रशासन एवं संबंधित संघों के अध्यक्षों को भी भेज दी गई हैं। मंडी में नीलामी बंद होने से किसानों और व्यापारियों दोनों में चिंता का माहौल है, वहीं प्रशासन की ओर से शीघ्र समाधान के प्रयास जारी बताए जा रहे हैं।