खरगोन। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित खरगोन की बिस्टान शाखा में पदस्थ सहायक लेखापाल की हार्ट-अटैक से हुई मौत का मामला लगातार गर्माता जा रहा है। इस मामले में बैंक मैनेजर, परिजनों के बाद अब मप्र बैंक एम्पलाईज एसोसिएशन को-ऑप युनिट एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी संघ ने भी भाजपा नेताओं को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
संघ के ओम रघुवंशी बैंक एम्पलाईज एसोसिएशन, बैंक यूनियन अध्यक्ष अरुण पाटीदार ने बताया कि सहायक गणक अनिसुद्दीन जिलानी 19 जनवरी को अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे थे, जिन पर भाजपा नेताओं ने अनुचित दबाव बनाया, जिसके कारण वह घबरा गए और कुछ ही देर में वह अचेत हो गए। इसके बाद अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बैंक जैसे संवेदनशील काम में इस तरह का अनुचित दबाव कर्मचारियों को मानसिक रुप से परेशान करने वाला साबित होता है। ऐसे लोगों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाना चाहिए। ज्ञापन के दौरान मौजूद शाखा प्रबंधक श्यामलाल सोलंकी नेे बताया की बैंक में भाजपा के भगवानपुरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी चंदर सिंह वास्कले, भूपेंद्र नायक एवं आकाश ठाकुर किसी ऋण प्रकरण के सम्बन्ध में शाखा में आए थे। कक्ष में ऋण प्रकरण के सम्बन्ध में चर्चा करते हुए मुझसे और मृतक जिलानी से विवाद करने लगे, जबकि मैनें उन्हें बताया था की 17 जनवरी को ऋण वितरण किया जाकर सम्बंधित के खाते में राशि जमा हो गई है। इसके बावजूद दबाव बनाकर जिलानी से माफी मंगवाई। इसके बाद शाखा से बाहर जाते समय बैंक काउन्टर पर रुककर इन भाजपा नेताओं ने पुनरू श्री जिलानी से बहस की। जिसके बाद जिलानी को घबराहट हुई और उनकी सांसे तेजी से चलने लगी। उन्हे प्राथमिक उपचार भी दिया गया, लेकिन वह बेहोश हो गए। इसके बाद जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसोसिएशन एवं संघ ने आरोप लगाया कि शाखा प्रबंधक श्यामलाल सोलंकी एवं अनिसुद्दीन जिलानी सहायक गणक पर अनुचित रूप से दबाव बनाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के कारण श्री जिलानी का निधन हुआ है। उक्त प्रकरण में निष्पक्ष जांच कराई जाकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए।