चित्तौड़गढ। राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को राहत एवं योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर एवं ग्राम रथ अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के ग्राम पंचायत घटियावली में एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है। कृषि विभाग की तारबंदी योजना ने एक किसान के खेत और उसकी मेहनत दोनों को सुरक्षित करने का कार्य किया है।
ग्राम पंचायत घटियावली निवासी कृषक रामेश्वर लाल चारण पुत्र मिट्टू लाल चारण को कृषि विभाग की तारबंदी योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 400 मीटर तारबंदी कार्य पर 4 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। किसान को इस योजना की जानकारी कृषि विभाग के कृषि पर्यवेक्षक द्वारा ग्राम रथ अभियान के दौरान दी गई। जानकारी मिलने के बाद कृषक ने ऑनलाइन आवेदन किया, जिसे प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के पश्चात तारबंदी का कार्य पूर्ण करवाया गया।
कृषक रामेश्वर लाल ने बताया कि पूर्व में खेतों में जंगली जानवरों के प्रवेश से फसल को काफी नुकसान होता था, जिससे उत्पादन प्रभावित होता था और आर्थिक हानि उठानी पड़ती थी। तारबंदी होने के बाद अब फसल पूरी तरह सुरक्षित है तथा खेतों में नुकसान की समस्या लगभग समाप्त हो गई है। इससे उत्पादन में वृद्धि होने के साथ-साथ परिवार की आय में भी सकारात्मक बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार की इस योजना से किसानों को वास्तविक राहत मिल रही है। समय पर जानकारी, सरल आवेदन प्रक्रिया और विभागीय सहयोग के कारण उन्हें योजना का लाभ आसानी से प्राप्त हुआ। कृषक ने राज्य सरकार एवं कृषि विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं किसानों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास पैदा कर रही हैं।