भोपाल। सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल के भीमनगर स्लम एरिया में लोगों से जनसंवाद किया। इस दौरान सीएम ने एमपी बोर्ड में स्टेट टॉपर रहीं चांदनी विश्वकर्मा से भी मुलाकात की। चांदनी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आगे पढ़ाई में सहयोग करने का भरोसा दिया है। चांदनी अपने परिवार के साथ भीमनगर के स्लम एरिया में एक कमरे के कच्चे मकान में रहती हैं।
सीएम ने उन्हें नया घर बनवाने या पुराने घर की सही से मरम्मत करवाने के लिए भी कहा है। वहीं, सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मैं आज चांदनी विश्वकर्मा के घर यहां मिलने आया हूं, जिन्होंने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 500 में से 500 अंक हासिल किए हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से अलग पहचान बनाई है। एमपी बोर्ड की स्टेट टॉपर चांदनी विश्वकर्मा का सपना भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने का है। उन्होंने कहा- मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुख्यमंत्री खुद हमारे घर आएंगे। यह मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है। मुख्यमंत्री ने मुझसे कहा कि आगे की पढ़ाई की चिंता करने की जरूरत नहीं है, सरकार हर कदम पर साथ है।
चांदनी विश्वकर्मा के माता-पिता ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने परिवार की सभी समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा, श्हमारा घर बहुत छोटा है, इसलिए पूरे परिवार को रहने में काफी दिक्कत होती है। हमने मुख्यमंत्री को अपनी परेशानी बताई, उन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा दिया।