भोपाल। गोविंदपुरा स्थित आईटीआई सभागार में अहिरवार समाज संघ, मध्य प्रदेश का भव्य प्रांतीय अधिवेशन एवं मिलन समारोह उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में समाजजन शामिल हुए और कार्यक्रम को सफल बनाया।
प्रदेश सचिव विनोद कुमार बड़ोदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अधिवेशन समाज को एक सार्थक दिशा देने, कुरीतियों एवं अंधविश्वास को समाप्त करने तथा समाज को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने के संकल्प के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं तथा समाजहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले महानुभावों का सम्मान किया गया।
अधिवेशन में सामाजिक एकता, शिक्षा, नशामुक्त समाज और जनजागरूकता को मुख्य उद्देश्य मानते हुए “स्वहित से पहले समाजहित” का संकल्प भी लिया गया।
महिला प्रकोष्ठ की भूमिका इस अवसर पर विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष संगीता गोलिया ने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि गांव, ब्लॉक और जिला स्तर पर इकाइयों का गठन कर समाज को मजबूत किया जाए तथा अत्याचार के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठाई जाए। उनके प्रेरणादायी विचारों से उपस्थित जनसमूह में नई ऊर्जा का संचार हुआ।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश अहिरवार, संस्थापक अमानसिंह नरवरिया, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष संगीता गोलिया, निशा बांगरे, कंसोटिया जी सहित अनेक पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए और समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि समाज की एकता और सामूहिक ऊर्जा से सभी लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है।