नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जलकर संग्रहण, समूह जलप्रदाय योजनाओं और पेयजल व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीणों को जागरूक कर जलकर संग्रहण में तेजी लाएं तथा अधिक से अधिक जलकर राशि की वसूली सुनिश्चित करें। उन्होंने एकल ग्राम पेयजल योजनाओं के तहत संचालित गांवों में ग्राम पंचायतों के माध्यम से पंप ऑपरेटर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मध्यप्रदेश जल निगम को समूह जलप्रदाय योजनाओं के कार्य शीघ्र पूर्ण कर गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, केंद्रीय भू-जल बोर्ड की वैज्ञानिक ट्विंकल चड्डा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री दीपेश वास्पत, जल निगम के महाप्रबंधक धीरेन्द्र कुमार बिजौरिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।