नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के सभी होटल, रेस्टोरेंट, मैरिज गार्डन और ढाबा संचालकों को फायर सेफ्टी मॉकड्रिल एवं फायर सेफ्टी तथा विद्युत सुरक्षा ऑडिट अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि मॉकड्रिल के दौरान सामने आने वाली कमियों का तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी प्रतिष्ठानों में सुरक्षित प्रवेश और निकासी की व्यवस्था हो तथा आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक निकास मार्ग भी उपलब्ध रहे। उन्होंने पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़कों पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित नहीं करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता बनाए रखने को कहा। साथ ही पुरानी विद्युत लाइन, एसी और अन्य विद्युत उपकरणों की जांच कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि सभी होटल संचालक आगंतुकों का पहचान रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संधारित करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के ठहरने की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। विदेशी नागरिकों के संबंध में निर्धारित सी-फॉर्म भरकर संबंधित थाने को जानकारी देना भी अनिवार्य है।
बैठक में एडीएम बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीएम पराग जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं होटल, रेस्टोरेंट, मैरिज गार्डन और ढाबा संचालक उपस्थित रहे।