नीमच। सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत भादवा माता मार्ग पर सोमवार दोपहर मजदूरों से भरा एक तीन पहिया लोडिंग टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, रोजाना की तरह कई मजदूर नीमच सब्जी मंडी स्थित मजदूर चौक पर काम मिलने की प्रतीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति कुछ मजदूरों को भादवा माता क्षेत्र में मजदूरी के लिए अपने साथ ले गया। तीन महिला और तीन पुरुष मजदूर पहले बस से जवासा चौराहा पहुंचे, जहां से उन्होंने एक लोडिंग टेम्पो किराए पर लिया और भादवा माता की ओर रवाना हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भादवा माता मुख्य द्वार से कुछ दूरी पहले टेम्पो तेज रफ्तार में था। अचानक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे टेम्पो सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।
दुर्घटना में मुकेश पिता सुखराम (40), निवासी शिवगढ़ जिला रतलाम को हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि राजेश पिता बालू (35), निवासी बांसवाड़ा के पैर में गंभीर चोट लगी है। दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
टेम्पो में सवार अन्य चार मजदूरों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।