चित्तौड़गढ़। जिला कलेक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण सेवा शिविरों, संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों, फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं तथा वर्षा पूर्व तैयारियों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 12 जून से 15 जुलाई तक चलने वाले ग्रामीण सेवा शिविरों के दौरान अधिकारी-कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर परिषद को शहर के सभी नालों और नालियों की शीघ्र सफाई कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि बरसात में जलभराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। संपर्क पोर्टल और जनसुनवाई की समीक्षा के दौरान लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ब्लैक स्पॉट सुधार और सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर
बैठक के बाद आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स, यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने के मुद्दों पर चर्चा हुई। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने तथा सड़क सुरक्षा उपायों और जनजागरूकता गतिविधियों को बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला परिषद सीईओ विनय पाठक, अतिरिक्त सीईओ राकेश पुरोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।