चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ मानसिंह चूण्डावत के निर्देशानुसार कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सभागार में स्थायी लोक अदालत के संबंध में जन-जागरूकता कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु समन्वय बैठक का आयोजन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ योगिता पारीक एवं पूर्णकालिक अध्यक्ष स्थायी लोक अदालत राजेन्द्र प्रसाद शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इस बैठक में सचिव योगिता पारीक द्वारा उपस्थित जनोपयोगी विभागों जैसे नगर परिषद, चिकित्सा विभाग, पंचायती राज विभाग, दूरसंचार विभाग, बैंक एवं बीमा विभाग, शिक्षा विभाग, बिजली एवं परिवहन विभाग, डाक विभाग और स्वयं सेवी संस्था यथा प्रयास संस्थान एवं जनसाहस संस्थान आदि को स्थायी लोक अदालत (पीएलए) की उपयोगिता, कार्यप्रणाली एवं जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों के त्वरित एवं सुलभ निस्तारण के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित नागरिकों को बताया गया कि स्थायी लोक अदालत के माध्यम से विद्युत, जलापूर्ति, डाक, परिवहन, दूरसंचार तथा अन्य जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े मामलों का सरल एवं कम खर्च में समाधान प्राप्त किया जा सकता है।इसी के साथ कार्यक्रम में वक्तागण द्वारा उपस्थित जनोपयोगी विभागों को जनोपयोगी समस्याओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण हेतु स्थायी लोक अदालत की भूमिका,अधिकारिता, प्रक्रिया एवं लाभों के संबंध में जानकारी दी गई तथा उन्हें स्थायी लोक अदालत के अधिक से अधिक प्रचार प्रसार हेतु निर्देशित किया।
कार्यक्रम में स्थायी लोक सदस्य प्रदीप काबरा एवं दीप्ति सेठिया, पैनल अधिवक्ता भारती गहलोत एवं गौरव परमार, जिला मुख्यालय के पैरा लीगल वालंटियर्स एवं अन्य जनोपयोगी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे जिन्होंने आश्वस्त किया कि जनोपयोगी संबंधित समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का प्रयास किया जावेगा।