उज्जैन। आज 77वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने गृह नगर उज्जैन में हैं। वे कार्तिक मेला ग्राउंड पर आयोजित समारोह में शामिल होंगे। यह पहला अवसर है, जब मुख्यमंत्री शिप्रा तट पर ध्वज फहराएंगे।
दरअसल, दो साल बाद इसी क्षेत्र में सिंहस्थ कुंभ आयोजित होगा। कुंभ का मुख्य आयोजन कार्तिक मेला ग्राउंड के पास दत्त अखाड़ा और रामघाट पर होगा। ऐसे में सिंहस्थ मेला क्षेत्र को प्रमोट करने के उद्देश्य से इस बार गणतंत्र दिवस की परेड और मुख्य समारोह के लिए इसी क्षेत्र को चुना है।
वहीं, भोपाल में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ध्वज फहराएंगे। ग्वालियर में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल सागर, जगदीश देवड़ा इंदौर में रहेंगे। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पारिवारिक कारणों के चलते छुट्टी पर हैं।
वहीं बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक वीडियो जारी कर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और राम भक्ति एक-दूसरे के पूरक हैं। राष्ट्र की सुरक्षा से ही सनातन परंपराएं सुरक्षित रह सकती हैं।