मनासा। नगर में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षाेल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नागरिकों ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। कृषि मंडी प्रांगण में आयोजित मुख्य समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष कामेरी बाई डांगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ एसडीएम किरण अंजना, नगर परिषद अध्यक्ष सीमा अजय तिवारी एवं तहसीलदार मंचासीन रहे।
मुख्य समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष कामेरी बाई डांगी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। मनासा पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात एसडीएम किरण अंजना ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।
ध्वजारोहण से पूर्व नगर में सभी शिक्षण संस्थाओं द्वारा भव्य चल समारोह निकाला गया, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। कृषि मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में करीब नौ विद्यालयों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
चल समारोह प्रतियोगिता में ग्रीनफील्ड स्कूल ने प्रथम, कार्मल कॉन्वेंट स्कूल ने द्वितीय तथा फ्लोरेंस स्कूल एवं इनोसेंट विद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय एवं कार्मल कॉन्वेंट स्कूल प्रथम, फ्लोरेंस स्कूल द्वितीय तथा संदीपनी विद्यालय तृतीय स्थान पर रहे। विजेता विद्यालयों को पुरस्कार एवं प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।