नीमच। पशुपालक मुन्नालाल मंगलवार को अपनी व्यथा लेकर नीमच कलेक्टर कार्यालय पहुंचा, जहां उसने कलेक्टर जनसुनवाई में लोट लगाकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। मुन्नालाल का कहना है कि तेज रफ्तार ईको कार की टक्कर से उसकी भैंस की मौत हो गई, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। लंबे समय से कार्रवाई नहीं होने से आहत पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सावन, तहसील नीमच निवासी पशुपालक मुन्नालाल पिता प्रभुलाल 12 दिसंबर 2025 की शाम अपनी भैंस को लेकर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान नीमच की ओर से आ रही ईको कार क्रमांक एमपी-44-जेडएफ-1143 ने तेज गति और लापरवाही से ओवरटेक करते हुए भैंस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि मुन्नालाल और उनका पुत्र बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद कार चालक वाहन साइड में लेने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने वाहन का नंबर और फोटो सुरक्षित कर लिए। घायल भैंस को पशु चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 15 दिसंबर 2025 को उसकी मौत हो गई। भैंस की मौत से पशुपालक को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ।
पीड़ित ने मामले को लेकर पहले पुलिस चौकी और सिटी थाना नीमच में आवेदन दिया तथा भैंस का पोस्टमार्टम भी कराया, लेकिन अब तक न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही किसी प्रकार की क्षतिपूर्ति मिली। इससे आहत होकर मुन्नालाल ने कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन देकर दोषी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजा दिलाने की मांग की है।