खरगोन। निमाड़ एजुकेशन सोसाइटी द्वारा ग्राम मेहरजा में 5 दिवसीय निशुल्क कृत्रिम अंग (हाथ, पैर, कैलीपर) शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में सड़क दुर्घटना या अन्य कारणों से हाथ-पैर खो चुके दिव्यांगजन बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं और अपने कृत्रिम अंगों के लिए माप करवा रहे हैं।
सोसाइटी के प्रतिनिधि भगीरथ कुमरावत ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सामान्य जीवन जीने में सक्षम बनाना है। उन्होंने जानकारी दी कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद है, जो दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनके कृत्रिम अंगों का माप ले रही है तथा मौके पर ही कृत्रिम अंगों का निर्माण किया जा रहा है।
शिविर के दौरान पात्र दिव्यांगजनों को पूरी तरह निशुल्क कृत्रिम अंग प्रदान किए जाएंगे। इससे वे दैनिक जीवन में किसी पर निर्भर नहीं रहेंगे और स्वतंत्र रूप से आवाजाही कर सकेंगे।
स्थानीय ग्रामीणों और दिव्यांगजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए निमाड़ एजुकेशन सोसाइटी का आभार व्यक्त किया।