मंदसौर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरूवार, 29 जनवरी को मंदसौर जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मल्हारगढ़ में आयोजित जनसभा एवं सोयाबीन भावांतर भुगतान कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान एवं आमजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने मंच से किसानों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
1.17 लाख किसानों को मिली चौथी किस्त
मुख्यमंत्री ने सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत प्रदेश के 1 लाख 17 हजार किसानों को चौथी किस्त की राशि जारी की। इस अवसर पर लगभग 200 करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की गई।
यह राशि उन किसानों को प्रदान की गई, जिन्होंने निर्धारित अवधि में सोयाबीन का विक्रय किया था।
किसानों को मिल रहा सीधा लाभ
भावांतर भुगतान योजना का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना है, ताकि बाजार भाव कम होने की स्थिति में भी उन्हें आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े। इस योजना से किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक राहत मिल रही है।
अब तक 7.10 लाख किसानों को मिले 1492 करोड़
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार अब तक 7 लाख 10 हजार किसानों को कुल 1492 करोड़ रुपये की भावांतर राशि प्रदान कर चुकी है। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों के लिए एक मजबूत आर्थिक सुरक्षा कवच बनकर उभरी है।