नीमच। शहर के बीच से बह रहे नाले के सुव्यवस्थित सौंदर्यीकरण, सफाई और पिचिंग कार्य को प्रभावी ढंग से सम्पन्न करने के लिए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश उन्होंने शुक्रवार को स्कीम नंबर 9, प्राइवेट बस स्टैंड एवं सावलिया मंदिर के पीछे स्थित नाले का निरीक्षण करते हुए न.पा.सी.एम.ओ. दुर्गा बामनिया को दिए। इस मौके पर एसडीएम संजीव साहू सहित नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि नाले की सफाई जेसीबी और अन्य मशीनों के माध्यम से करवाई जाए, गंदगी व कचरा हटाकर ट्रेचिंग ग्राउंड में डंप किया जाए। साथ ही, पेयजल और सीवरेज लाइन को नाले से पृथक कर गंदे पानी की निकासी की पुख्ता व्यवस्था की जाए। नाले के दोनों किनारों पर पिचिंग कार्य भी सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि इस कार्य के लिए आवश्यक उपकरण, मशीनरी और अन्य संसाधनों की पूरी व्यवस्था की जाए और नगर पालिका द्वारा सुव्यवस्थित कार्य योजना तैयार कर प्रस्तुत की जाए, ताकि नाले का सौंदर्यीकरण और सफाई कार्य समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सके।