नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय, नीमच में छात्राओं के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से “व्यक्तित्व विकास” विषय पर प्रेरणादायी व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी एवं एनसीसी बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल ज्योति प्रकाश मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने कहा कि वर्तमान समय में व्यक्तित्व विकास का विशेष महत्व है। अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं नेतृत्व क्षमता जैसे गुण छात्राओं को शैक्षणिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त बनाते हैं। उन्होंने एनसीसी के माध्यम से छात्राओं में विकसित होने वाले अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के मूल्यों की सराहना की।
मुख्य वक्ता कर्नल ज्योति प्रकाश ने अपने उद्बोधन में व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए सैन्य जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि अनुशासन, आत्मसंयम, आत्मविश्वास, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं नेतृत्व क्षमता से व्यक्ति अपने व्यक्तित्व को सशक्त बना सकता है। उन्होंने छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स को लक्ष्य निर्धारण कर निरंतर परिश्रम और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन एनसीसी प्रभारी डॉ. हीना हरित ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रो. नेहा इंग्ले द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, प्राध्यापकगण एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।