चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने शनिवार को भूपालसागर एवं आकोला क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न शासकीय कार्यालयों और संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भूपालसागर उपखण्ड कार्यालय, तहसील कार्यालय एवं पुलिस थाना का निरीक्षण किया, वहीं आकोला स्थित सामुदायिक चिकित्सालय एवं पुलिस थाना की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने कार्यालय परिसरों एवं चिकित्सालय की साफ-सफाई, व्यवस्थाओं तथा दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सालय में उपचाररत मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस थाना निरीक्षण के समय जिला कलक्टर ने कानून-व्यवस्था, अभिलेख संधारण एवं आमजन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली तथा किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान आकोला सामुदायिक चिकित्सालय के चिकित्सा अधिकारियों ने आवास सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अवसर पर उपखण्ड अधिकारी महेश गगोरिया, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।