मनासा। आयुर्वेद औषधालय मनासा द्वारा शनिवार को शासकीय हाई स्कूल चुकनी में निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आमवात, संधिवात, उदर रोग, विबंध, श्वास, कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित विभिन्न रोगों की जांच कर रोगियों को निशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा इससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव, तनाव प्रबंधन, स्वच्छता एवं संतुलित पोषण के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन भी दिया गया। शिविर में कुल 42 विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदनलाल पाटीदार ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम में शाला प्राचार्य पुष्पराज मसीह, डॉ. सीमा पाटीदार तथा माध्यमिक शिक्षक रेखा साहानी का विशेष सहयोग रहा।