छतरपुर। भारतीय स्टेट बैंक, राजनगर शाखा द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के अंतर्गत छतरपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर को आवश्यक मेडिकल उपकरण एवं सामग्री प्रदान की गई। इस सहयोग से स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
एसबीआई राजनगर द्वारा स्वास्थ्य केंद्र को 10 बेड, 10 रैक, 5 अलमीरा, 5 वेटिंग मशीन, 3 एयरपोर्ट चेयर सहित अन्य आवश्यक मेडिकल उपकरण प्रदान किए गए। इस पहल की सराहना करते हुए जिला चिकित्साधिकारी एवं खंड चिकित्सा अधिकारी ने बैंक प्रबंधन एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शाखा प्रबंधक संदीप त्रिपाठी ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक द्वारा हर वर्ष शासकीय संस्थानों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जिससे जनसेवा से जुड़े संस्थानों को सहयोग मिल सके।
कार्यक्रम में जिला चिकित्साधिकारी छतरपुर, खंड चिकित्सा अधिकारी, भारतीय स्टेट बैंक क्षेत्रीय कार्यालय छतरपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक सहित बैंक का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।