रतलाम। 27 से 31 जनवरी तक भोपाल में आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स में रतलाम जिले के बॉक्सिंग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में रतलाम के खिलाड़ियों ने तीन कांस्य पदक अपने नाम किए।
भोपाल में आयोजित इस खेल महाकुंभ में बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, हॉकी, ताइक्वांडो, थ्रोबॉल सहित कई खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं कुछ खेलों का आयोजन प्रदेश के अन्य जिलों में भी किया गया।
खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ 27 जनवरी को किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, विधायक चेतन कश्यप तथा पद्मश्री कैलाश खैर उपस्थित रहे। पद्मश्री कैलाश खैर ने अपनी मधुर प्रस्तुति से खिलाड़ियों में उत्साह का संचार किया।
इस प्रतियोगिता में पूरे मध्यप्रदेश से लगभग 4 से 5 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया।
रतलाम जिले की ओर से बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए खुशबू शर्मा, सुरभि सेठिया और ज्योतिष रावत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कांस्य पदक हासिल किए।
इन खिलाड़ियों की इस सफलता में रतलाम बॉक्सिंग टीम के कोच जितेंद्र राठौड़ का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर मार्गदर्शन प्रदान किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी (डीएसओ) रुचि शर्मा ने पदक विजेता खिलाड़ियों और कोच जितेंद्र राठौड़ को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।