शाजापुर। जिले की मक्सी पुलिस को सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। 23 जनवरी की शाम को हिंदू सम्मेलन स्थल की ओर जाने वाले मार्ग पर लगे महापुरुषों के पोस्टर फाड़ने की घटना में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के बाद यह मामला संवेदनशील और सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाला माना जा रहा था। मक्सी पुलिस ने गंभीरता से जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साथ ही करीब 400 राहगीरों से पूछताछ कर कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
शराब के नशे में दिया वारदात को अंजाम
मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों ने शराब के नशे में इस घटना को अंजाम दिया था। समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में संभावित तनाव को टाल लिया गया।
आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मक्सी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने में मदद मिली है और आमजन ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।