नीमच। ईद-उल-फितर के अवसर पर जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने खुद मोर्चा संभालते हुए रामपुरा के संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया भी उनके साथ मौजूद रहे। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ईद के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी जगह शांति बनी रहे।

जिलेभर में पुलिस द्वारा लगातार फ्लैग मार्च निकाले जा रहे हैं और मुस्लिम कमेटियों के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की जा रही है। नीमच शहर, मनासा, जावद और रामपुरा सहित कई इलाकों में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है- ईद का त्योहार मिल-जुलकर, शांति और भाईचारे के साथ मनाएं।
