उज्जैन। शुक्रवार को भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव (चेटीचंड) के अवसर पर सिंधी समाज द्वारा भव्य चल समारोह निकाला गया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टावर चौक से भगवा झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया और समाज को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान झूलेलाल जैसे गुरुजन समाज के लिए सदैव मार्गदर्शक रहे हैं और उनका आशीर्वाद सभी पर बना रहना चाहिए। उन्होंने नववर्ष के अवसर पर सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
सामूहिक प्रयासों से ही प्रगति संभव
सीएम ने सामाजिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि खुशियों में मिलकर जश्न मनाना और कठिन समय में एक-दूसरे का सहारा बनना ही समाज की वास्तविक ताकत है। उन्होंने कहा कि समाज और देश के विकास में हर व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण है और सामूहिक प्रयासों से ही प्रगति संभव है।
इस अवसर पर बॉलीवुड अभिनेत्री जयाप्रदा, अभिनेता आफताब शिवदासानी और टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा के अभिनेता कुश शाह (गोली) भी मौजूद रहे। इसके अलावा सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक सतीश मालवीय, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और समाज के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।