शाजापुर। जिले के पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी भीम सिंह पटेल को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह अब उप निरीक्षक अरविंद तोमर को थाने की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद गिरी गाज
इस पूरी कार्रवाई की मुख्य वजह पिछले दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक वीडियो बताया जा रहा है। दरअसल, मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चोमा से एक वीडियो सामने आया था, जिसमें सरेआम सट्टा लगाते हुए कुछ लोग नजर आ रहे थे। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर उंगलियां उठने लगीं और यह चर्चा का विषय बन गया कि स्थानीय पुलिस की नाक के नीचे इस तरह की अवैध गतिविधियां कैसे संचालित हो रही थीं।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिक जांच के बाद कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में भीम सिंह पटेल को थाना प्रभारी के पद से हटाकर रक्षित केंद्र (लाइन) भेज दिया है।
कानून व्यवस्था को लेकर एसपी का सख्त रुख
एसपी यशपाल सिंह राजपूत ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध गतिविधियों, जुआ, सट्टा या किसी भी प्रकार के नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी क्षेत्र में पुलिस की मिलीभगत या लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित बीट प्रभारी और थाना प्रभारी पर इसी तरह की गाज गिरना तय है। लाइन अटैच की इस कार्रवाई से जिले के अन्य थानों में भी हड़कंप की स्थिति है।