नीमच। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में मेरा युवा भारत (डल् ठींतंज) नीमच द्वारा शहीद दिवस के अवसर पर 21 से 23 मार्च 2026 तक विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस तीन दिवसीय अभियान का उद्देश्य महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह, शिवराम राजगुरु एवं सुखदेव थापर के बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा युवाओं में राष्ट्रभक्ति, नागरिक उत्तरदायित्व और सामाजिक चेतना की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अमर शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इसके बाद टीवीएस शोरूम से मेसी शोरूम चौराहा तक भव्य पदयात्रा निकाली गई, जिसमें मेरा युवा भारत के लगभग 150 युवा स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पदयात्रा के दौरान युवाओं ने देशभक्ति के नारे लगाए और आमजन को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत रोड सेफ्टी जागरूकता अभियान, स्वच्छता रन, श्रमदान, पदयात्रा तथा स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। 21 मार्च से ‘मेरा भारत’ पोर्टल के माध्यम से गुमनाम नायकों पर आधारित ऑनलाइन क्विज तथा “एक युवा ऐसा भी” विषय पर रील प्रतियोगिता आयोजित की गई।
22 मार्च को श्रमदान के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें युवाओं ने सार्वजनिक स्थलों पर सफाई कर स्वच्छ भारत का संदेश दिया। साथ ही सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
यह समस्त कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन में युवाओं एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।