उज्जैन। महर्षि सांदीपनि वेद विद्या प्रतिष्ठान में एक नाबालिग छात्र की पिटाई के आरोपी शिक्षक के खिलाफ चिंतामन थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। प्रतिष्ठान में सामवेद राणायनीय शाखा के शिक्षक दत्तदास शेवड़े पर पिटाई का आरोप है।
शनिवार को सामने आए वीडियो में शिक्षक छात्र को छड़ी से लगातार मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। छात्र से दूसरे के बिस्तर पर सोने को लेकर पूछताछ के दौरान यह घटना हुई। वीडियो में छात्र दर्द से चिल्लाता नजर आता है, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने टावर चौक पर प्रदर्शन किया है।
चिंतामन थाने में दर्ज हुआ मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चिंतामन में आरोपी शिक्षक दत्तदास शेवड़े के खिलाफ थ्प्त् दर्ज कर ली है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना के विरोध में एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में उज्जैन के टावर चौक पर सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।
कृष्ण की शिक्षा स्थली पर उठे सवाल
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिस पवित्र स्थान पर भगवान श्रीकृष्ण ने शिक्षा ग्रहण की थी, वहां इस तरह की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मुख्यमंत्री से दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम की मांग की है।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।