मंदसौर। कलेक्टर अदिति गर्ग की अध्यक्षता में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक सुशासन भवन स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए प्रतिदिन विशेष कैंप लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा अधिक से अधिक लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जाए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें। वहीं नगर पालिका सीएमओ को अभियान में सक्रिय समन्वय करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पार्षदों के साथ बैठक आयोजित कर बच्चों एवं उनके अभिभावकों की काउंसलिंग करने तथा उन्हें एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी को एलपीजी गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। भूमि आवंटन के मामलों में कलेक्टर ने कहा कि नगरीय निकाय किसी भी विभाग की भूमि से मार्ग निकालने से पूर्व संबंधित विभाग की अनुमति अनिवार्य रूप से लें।
राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अलसी डंठल प्रबंधन पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कृषि विभाग को किसानों की पहचान कर रेशा निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।