देवास। उज्जैन बायपास स्थित एकता फर्म के स्क्रैप गोदाम में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। गोदाम में भारी मात्रा में रखे टायर और स्क्रैप सामग्री ने आग को कुछ ही पलों में विकराल बना दिया, जिससे आसमान में काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक फैलता नजर आया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग अलर्ट मोड पर आ गया। तहसीलदार सपना शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं, वहीं दमकल विभाग की चार गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए लगातार संघर्ष करती रहीं। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दमकलकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह गोदाम आवेश और शोएब द्वारा संचालित एकता फर्म का बताया जा रहा है। आग की भयावहता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाला और राहत-बचाव कार्य तेज कर दिए गए। तहसीलदार सपना शर्मा ने बताया कि, “मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया है, दमकल टीम आग बुझाने में जुटी हुई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन हालात पर काबू पाने के लिए प्रयास लगातार जारी हैं। घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं और स्क्रैप गोदामों में रखी ज्वलनशील सामग्री पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।