खरगोन। जिले के कसरावद में गैस सिलेंडर की कमी के बीच अब पेट्रोल को लेकर भी लोगों में परेशानी देखने को मिली। बीती रात पेट्रोल खत्म होने की अफवाह फैलते ही शहर में हड़कंप मच गया।
जैसे ही यह खबर फैली कि पेट्रोल पंप बंद हो सकते हैं और ईंधन की कमी हो रही है, बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों के साथ पंपों पर पहुंचने लगे। देखते ही देखते पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और लोग जल्द से जल्द पेट्रोल भरवाने के लिए जुट गए। यह स्थिति बुधवार को भी बनी रही, जहां शहर के लगभग सभी पंपों पर वाहनों की भीड़ नजर आई।
हालांकि पेट्रोल पंप संचालकों ने स्पष्ट किया कि यह स्थिति पूरी तरह अफवाह के कारण बनी है और वास्तव में पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। लोगों की घबराहट के चलते वे जरूरत से ज्यादा पेट्रोल भरवा रहे हैं।
वहीं जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर आम जनता से अपील की है कि भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल, डीजल और गैस सभी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला कलेक्टर द्वारा भी नागरिकों से शांत रहने और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहने का अनुरोध किया गया है।