नीमच। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत भादवा माता में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच द्वारा आमजन को शासकीय योजनाओं एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वृहद विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शोभना मीणा तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के उपसंचालक वैभव बैरागी, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. जुनैद खान, आदिम जाति कल्याण विभाग से डॉ. प्रीतम, सामाजिक न्याय विभाग, यातायात पुलिस तथा स्वयंसेवी संस्थाओं पुनर्जागरण एवं जनसाहस के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर पंपलेट, बैनर एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि आमजन किस प्रकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर सचिव शोभना मीणा ने निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना, महिला एवं बाल संरक्षण, नशा मुक्ति एवं साइबर अपराध से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।