खनियांधाना। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की कर्मस्थली और महाराजा खलक सिंह जूदेव की ऐतिहासिक नगरी खनियांधाना में आगामी 30 मार्च को एक भव्य काव्य संध्या का आयोजन होने जा रहा है। स्थानीय नया बस स्टैंड परिसर में शाम 7 बजे से आयोजित होने वाले इस विशाल अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के जाने-माने और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
दिग्गज कवियों का होगा जमावड़ा
आयोजन समिति के अनुसार, इस सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि सौरव भयंकर, कुंवर जावेद, पंकज फनकार, पंकज अंगार, लक्ष्मण नेपाली, अमित मौलिक और अखिल आनंद जैसे दिग्गज रचनाकार काव्य पाठ करेंगे। वहीं, कवयित्री प्राची मिश्रा भी अपनी विशिष्ट शैली में प्रस्तुति देने नगर में पधार रही हैं। साहित्य और कला के इस संगम में वीर रस, हास्य और गीतों की त्रिवेणी बहेगी।
नगर के सांस्कृतिक गौरव को बढ़ाने वाले इस बड़े आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं। आयोजकों ने क्षेत्र की समस्त धर्मप्रेमी जनता और साहित्य प्रेमियों से अपील की है कि वे 30 मार्च की शाम 7 बजे नया बस स्टैंड पहुँचकर इस काव्य उत्सव का आनंद लें। कार्यक्रम में सभी नागरिकों को सपरिवार उपस्थित होने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है।