शाजापुर। जिले के सलसलाई में आज देर शाम मौसम ने अचानक ऐसा यू-टर्न लिया कि लोग हैरत में पड़ गए। दिनभर की झुलसाने वाली गर्मी और तीखी धूप के बाद शाम होते ही आसमान में काली घटाएं छा गईं। शाम करीब 7 बजे तेज अंधड़ के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, जिसने न केवल मौसम को ठंडा कर दिया बल्कि ओलावृष्टि से किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।
सुबह से ही जिले में भीषण तपिश महसूस की जा रही थी, जिससे आम जनजीवन बेहाल था। लेकिन शाम सात बजते ही अचानक चली तेज हवाओं के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कई क्षेत्रों में मक्के और ज्वार के दाने के आकार के ओले भी गिरे। सड़क पर सफेद ओलों की चादर बिछती देख राहगीर जहां-तहां दुबक गए। इस बारिश से तापमान में गिरावट आने के कारण लोगों को गर्मी से तो खासी राहत मिली है, लेकिन यह राहत किसानों के लिए बड़ी आफत साबित हो रही है।
बेमौसम हुई इस ओलावृष्टि और बारिश ने अन्नदाताओं के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। खेतों में वर्तमान स्थिति को देखते हुए किसान फसलों के नुकसान को लेकर भयभीत हैं। किसानों का कहना है कि अचानक हुए इस मौसमी बदलाव और ओलों की मार से फसलों को काफी क्षति पहुँच सकती है।
अब देखना यह होगा कि आने वाले घंटों में मौसम का मिजाज क्या रुख अख्तियार करता है।