नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा (आईएएस) के निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह में 6 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए कुल ₹3,52,625 का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है।
अवैध रेत परिवहन के 4 प्रकरणों में तहसील मनासा के ग्राम हांसपुर फंटा, देथल, खानखेड़ी एवं बावल में बिना रॉयल्टी पास रेत परिवहन करते 4 ट्रैक्टर जप्त किए गए। इन मामलों में संबंधित वाहन मालिकों पर निर्धारित राशि का जुर्माना लगाया गया।
इसी प्रकार तहसील जावद के ग्राम बावल में बिना रॉयल्टी पास खण्डा पत्थर परिवहन करते ट्रैक्टर जप्त कर वाहन मालिक पर जुर्माना अधिरोपित किया गया।
वहीं तहसील सिंगोली के ग्राम जेतलिया में निजी भूमि से जेसीबी द्वारा 135 घनमीटर मिट्टी के अवैध उत्खनन पर कार्रवाई करते हुए डंपर जप्त कर भूमि मालिक पर 2,02,500 का जुर्माना लगाया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है तथा बिना वैध अनुमति और रॉयल्टी पास के उत्खनन एवं परिवहन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।