खरगोन। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष परसराम पाटीदार के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में ई-टोकन व्यवस्था समाप्त कर किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, 100 प्रतिशत मूंग खरीदी सुनिश्चित करने तथा देशगांवदृजुलवानिया फोरलेन परियोजना में अधिग्रहित किसानों की भूमि का चार गुना मुआवजा देने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान ई-टोकन व्यवस्था से किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है। साथ ही मूंग खरीदी में भी किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसान कांग्रेस ने आरोप लगाया कि फोरलेन परियोजना में अधिग्रहित भूमि के बदले किसानों को पर्याप्त मुआवजा नहीं मिल रहा है। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आगामी दिनों में धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम जैसे आंदोलन किए जाएंगे।