दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में चुनावी मुकाबला अब आरोप-प्रत्यारोप के दौर में पहुंच गया है। सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के एक वीडियो के सामने आने के बाद सियासी माहौल और गरमा गया। वीडियो में पटवारी ने भाजपा पर चुनाव प्रभावित करने के लिए भारी मात्रा में धनराशि लाने का आरोप लगाया।
पटवारी ने दावा किया कि दतिया में ₹50 करोड़ लाए गए हैं, जिनमें से ₹5 करोड़ एक होटल के रूम नंबर 408 में रखे गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पैसे और पुलिस के दम पर चुनाव को प्रभावित करने की साजिश रच रही है तथा ₹5,000 प्रति वोट के हिसाब से मतदाताओं को प्रभावित करने की तैयारी की जा रही है।
वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। सेवड़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस चुनाव में संभावित हार से घबराकर इस तरह के निराधार आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी ईवीएम, कभी पैसे और कभी प्रशासन पर सवाल उठाकर अपनी बौखलाहट छिपाने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इन दावों और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।