खरगोन। मध्यप्रदेश लघुवेतन कर्मचारी संघ, खरगोन ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। संघ के जिला अध्यक्ष रमेश मंडलोई के नेतृत्व में कोटवारों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
ज्ञापन में कोटवारों का वेतन बढ़ाकर 26 हजार रुपये प्रतिमाह करने, उन्हें नियमित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के समान सभी सुविधाएं प्रदान करने तथा सेवा भूमि का भूमिस्वामी अधिकार देने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। साथ ही भूमिहीन एवं भूमिधारी कोटवारों को स्थायी करने की भी मांग रखी गई।
इसके अलावा सेवा के दौरान मृत्यु या सेवानिवृत्ति की स्थिति में 10 लाख रुपये सहायता राशि देने, अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने तथा सेवानिवृत्त कोटवारों के वारिसों को प्राथमिकता के आधार पर नियुक्ति देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल थी।
संघ ने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र एवं सहानुभूतिपूर्वक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।