चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत भादसोड़ा थाना पुलिस ने वर्ष 2022 के चर्चित मादक पदार्थ तस्करी प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वर्ष से फरार चल रहे वांछित आरोपी सुनील मीणा को प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि 23 फरवरी 2022 को करूकड़ा नदी पुलिया पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन से 430 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा तथा 2 किलोग्राम एमडीएमए (एमडीएमए) पाउडर बरामद किया था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट एवं अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान आरोपी सुनील मीणा पिता कालूलाल मीणा (29), निवासी गमेरपुरा, थाना जीरन, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) की तलाश की जा रही थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक विनोद कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी अक्षय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को जिला कारागृह राजसमंद से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम में कांस्टेबल वीरेंद्र, रतनलाल एवं बबलू शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।