नीमच। फुटबॉल के रोमांचक मुकाबलों के बीच अब नीमच में नशामुक्ति का संदेश भी बुलंद होगा। युवाओं को नशे की दलदल से निकालकर खेल के मैदान तक पहुंचाने के उद्देश्य से नीमच पुलिस ने एक अनूठी पहल की है। नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 के तहत 26 जुलाई से दशहरा मैदान पर पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज होगा। पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिले की 16 प्रमुख फुटबॉल टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
एसपी राजेश व्यास ने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई तक संचालित प्रदेशव्यापी नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 के अंतर्गत जिले में प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में श्खेलों से जुड़ो, नशे को छोड़ो थीम पर पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता 26 जुलाई से 30 जुलाई तक चलेगी और फाइनल मुकाबला 30 जुलाई को खेला जाएगा। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम में विभिन्न फुटबॉल क्लबों के सचिवों के साथ बैठक कर प्रतियोगिता की रूपरेखा तय की जा चुकी है।
प्रतियोगिता में अहीर यूनिवर्सल, एनएफए, ए. यूनियन, ईगल, फ्रेंड्स, नीमच ब्रदर्स, नीमच सिटी, सिटी स्पोर्ट्स, ग्वालटोली, अहीर क्राउन, यंग स्टार, चर्चिल, एनएफसी, सिटी यूनियन, हीरोज और राज फुटबॉल क्लब सहित कुल 16 टीमें भाग लेंगी। मैदान पर जीत की होड़ के साथ हर खिलाड़ी समाज को नशे से दूरी है जरूरी का संदेश भी देगा। उद्घाटन सत्र कल शाम को 4ः00 बजे आयोजित होगा। फाइनल में विजेता और उपविजेता टीम को चमचमाती ट्रॉफी और केश अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। एसपी राजेश व्यास ने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस जनअभियान का हिस्सा बनें, स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें।