कुकड़ेश्वर। नगर कांग्रेस कमेटी कुकड़ेश्वर के अध्यक्ष मुकेश जिगर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट एवं अन्य परीक्षा पेपर लीक मामलों को लेकर राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों मेहनती छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित होता है और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग जाता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और वैज्ञानिक जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार कठोर दंड देने की मांग की।
साथ ही प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं पर हुई कथित कार्रवाई की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई।
इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि युवाओं का भविष्य देश की सबसे बड़ी पूंजी है और परीक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।