मंदसौर/गरोठ। मध्यप्रदेश पुलिस के ष्नशे से दूरी है जरूरीष् विशेष अभियान 2.0 के तहत गरोठ थाना पुलिस ने एमडी ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 173 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स, एमडी ड्रग्स निर्माण में प्रयुक्त 24.57 किलोग्राम रासायनिक पदार्थ, दो कारें और चार एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सनेही मिश्रा, एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पावटी निवासी रणजीत सिंह के खेत पर बने बाड़े में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 173 ग्राम एमडी ड्रग्स, 12.750 किलो हाइड्रोक्लोरिक एसडी, 6.460 किलो एमएमए केमिकल तथा 5.360 किलो एमडीसी केमिकल बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से रणजीत सिंह सोंधिया (30) निवासी पावटी तथा ईश्वर सिंह सोंधिया (37) निवासी ढाकनी को गिरफ्तार किया। वहीं, तस्करी नेटवर्क से जुड़े दीपक गुर्जर (राजगढ़), विक्रम उर्फ गुड्डू सिंह, राजेंद्र सिंह और राजू लाला फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त एक वेन्यू कार, एक स्विफ्ट कार, चार एंड्रॉयड मोबाइल सहित करीब ₹19 लाख 47 हजार से अधिक मूल्य का मादक पदार्थ, केमिकल एवं अन्य सामग्री जब्त की है।
गरोठ थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे ड्रग्स नेटवर्क, केमिकल की सप्लाई और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।